मंडी के राजबन में अब तक मिले 9 शव, अब 30 साल के युवक की तलाश

पधर के गांव राजबन में बादल फटने के बाद सड़क और रास्ते पूरी तरह से टूट गए थे. यहां तक, मशीनरी ले जा पाना संभव नहीं था. हादसे के छठे दिन यानी मंगलवार को पोकलेन मशीन गांव तक पहुंची है.

मंडी के राजबन में अब तक मिले 9 शव, अब 30 साल के युवक की तलाश
Mandi

मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर उपमंडल में ग्राम पंचायत धमच्याण के राजबन गांव में 31 जुलाई को लैंडस्लाइड (Mandi Landslide) हुआ. यहां पर अब सर्च ऑपरेशन (Search Operations) के छठे दिन मंगलवार दोपहर को नौवां शव बरामद कर लिया गया है. अब अंतिम लापता की तलाश की जा रही है. शव की पहचान 46 वर्षीय खुड्डी पत्नी चंदन लाल के रूप में हुई है. अब सिर्फ 30 वर्षीय हरदेव पुत्र भगत राम की तलाश करना बाकी है. डीसी मंडी (DC Mandi) अपूर्व देवगन ने नौवां शव मिलने की पुष्टि की है.

डीसी ने बतायय़ा कि अंतिम लापता बचा है और उसके लिए सर्च ऑपरेशन जारी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही अंतिम लापता की तलाश भी करके इस सर्च ऑपरेशन को विराम दे दिया जाएगा. अपूर्व देवगन ने बताया कि बादल फटने की इस घटना के बाद राजबन गांव तक जाने वाली सड़क और रास्ते पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी. ऐसे में मशीनरी ले जा पाना संभव नहीं था. हादसे के छठे दिन यानी मंगलवार को कड़ी मशक्कत के बाद जिला प्रशासन पोकलेन मशीन गांव तक पहुंचाने में कामयाब हो पाया है. हालांकि, अभी अन्य वाहनों के लिए सड़क बहाल नहीं हो पाई है. मशीन के पहुंचने के बाद मलबा हटाने में मदद मिली है.

आधी रात को फटा था बादल, 12 लोग मलबे में दबे थे

बता दें कि राजबन गांव में बीती 31 जुलाई की रात को बादल फटने की घटना में तीन घर चपेट में आ गए थे. इसमें दो घर पूरी तरह से दब गए थे. जबकि तीसरे घर को भी भारी नुकसान पहुंचा था. इन तीन घरों के 12 लोग लैंडस्लाइड की चपेट में गए थे. दो लोग हादसे में 2 घायल हुए थे, जबकि 10 लापता थे. अब तक यहां पर 9 शव मिल चुके हैं. गांव तक मशीनरी को ले जा पाना संभव नहीं था तो प्रशासन ने अपने बचाव दलों और स्थानीय लोगों की मदद से यहां पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पहले डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने खुद मोर्चा संभाला और उसके बाद एडीएम मंडी डा. मदन कुमार मौके पर मौजूद रहे.

कार्यकारी एसडीएम एवं तहसीलदार पधर भावना घटनास्थल पर लगातार डटी हुई हैं. बीते तीन दिनों से प्रशासन की तरफ से जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा ने मोर्चा संभाला हुआ है. मंगलवार को एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने भी मौके का जायजा लिया. इसके अलावा नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी सहित पंचायत प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित राहत एवं बचाव टीमें दिन रात इस कार्य में जुटी हुई हैं.